छत्तीसगढ़ में जगदलपुर नगर निगम में मेयर पद के लिए प्रत्याशी शहर के वोटर्स को लुभाने जुट गए हैं। एक तरफ जहां डोर-टू-डोर जाकर चुनाव प्रचार किया जा रहा है तो वहीं कांग्रेस प्रत्याशी मलकीत सिंह गैदू अलग तरीके से प्रचार कर रहे हैं। गुरुवार की सुबह वे शहर में एक चाय दुकान पर गए, जहां उन्होंने खुद चाय बनाई और लोगों को पिलाई। अपने पक्ष में जनता से वोट मांगा। वहीं युवा वोटर्स को साधने के लिए पहले शहर के एक जिम गए। उनके साथ कसरत कर डोले-शोले बनाया। फिर उनसे भी वोट मांगा। इसके अलावा शहर के क्रिकेट, बैडमिंटन और फुटबॉल ग्राउंड भी पहुंचे। यहां पहले युवा खिलाड़ियों के साथ खेल खेला, फिर खुद के लिए वोट मांगा। मलकीत का दावा है कि जनता का आशीर्वाद उन्हें जरूर मिलेगा। वे जरूर मेयर की कुर्सी पर बैठेंगे। संजय पांडेय ने भी शुरू किया जनसंपर्क मलकीत सिंह के सामने उनके सबसे बड़े कॉम्पिटिशन संजय पांडेय हैं। संजय BJP से मेयर प्रत्याशी हैं। वहीं संजय ने भी अपने समर्थकों के साथ जनसंपर्क शुरू कर दिया है। अपने पक्ष में जनता से वोट मांग रहे हैं। दोनों प्रत्याशियों के बीच टक्कर भाजपा और कांग्रेस के इन दोनों प्रत्याशियों के बीच जबरदस्त टक्कर है। इससे पहले संजय पांडेय नगर निगम के पार्षद और निगम नेता प्रतिपक्ष के पद पर भी रह चुके हैं। वर्तमान में वे BJP के प्रदेश प्रवक्ता हैं। कांग्रेस के मलकीत सिंह गैदू भी कांग्रेस के प्रदेश संगठन प्रभारी महामंत्री हैं। ऐसे में दोनों ही नेताओं के बीच सीट के साथ ही साख की भी लड़ाई है। ये हैं मेयर के 7 प्रत्याशी बुधवार को हुई स्क्रूटनी दरअसल, 28 तारीख तक नामांकन दाखिल हो गए थे। वहीं 29 तारीख बुधवार को नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी हुई। जिसमें मेयर चुनाव के 7 प्रत्याशियों का नामांकन वैध पाया गया। वहीं कांग्रेस ने एक डमी नामांकन भी भरवाया था। ऐसा बताया जा रहा है कि अब सुनीता सिंह अपना नाम वापस ले लेंगी। नाम वापसी की अंतिम तारीख के बाद ही पता चल पाएगा कि आखिर मेयर चुनाव के लिए कितने प्रत्याशी चुनावी अखाड़े में उतरे हैं।