भास्कर न्यूज | कवर्धा नगरीय निकाय चुनाव- 2025 को लेकर नामांकन फार्म भरने का दौर खत्म हो चुका है। कबीरधाम जिले के 7 नगरीय निकायों में अध्यक्ष पद के लिए 41 और 120 वार्डों में पार्षद पद के लिए 412 प्रत्याशियों ने पर्चा भर चुनावी दंगल में अपनी दावेदारी स्पष्ट कर दी है। हालांकि नाम वापसी के बाद दावेदारों की संख्या घट सकती है। खास बात ये है कि नगर पालिका पंडरिया और नपं सहसपुर लोहारा में अध्यक्ष पद के लिए सबसे ज्यादा 9-9 उम्मीदवारों ने पर्चा भरा है। वहीं नगर पालिका पंडरिया में तो 18 वार्ड पार्षद के लिए 103 प्रत्याशियों ने अपनी दावेदारी स्पष्ट की है। समस्या ये है कि इस बार निकाय चुनाव में नई तकनीक वाली मल्टी पोस्ट ईवीएम से वोटिंग होगी। मशीन में अध्यक्ष और पार्षद दोनों के नाम रहेंगे। यानी एक मशीन में दो पदों के लिए वोट डाले जा सकेंगे। मशीन में कुल 16 बटन होते हैं। इस संबंध में बताया गया है कि यदि उम्मीदवारों की संख्या ज्यादा रही, तो बूथों में एक से ज्यादा ईवीएम लगाना पड़ जाएगा। 22 जनवरी से शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया 28 जनवरी को खत्म हो गई है। 29 जनवरी को जमा लिए गए सभी नामांकन की जांच व स्कूटनी की गई। 31 जनवरी तक अभ्यर्थी अपना नाम वापस ले सकेंगे। इसी दिन प्रत्याशियों की अंतिम सूची भी जारी कर दी जाएगी, जो वास्तव में अध्यक्ष व वार्ड पार्षद का चुनाव लड़ेंगे। सूची जारी कर प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह का आवंटन करेंगे। 11 फरवरी को वोटिंग, चुनाव प्रचार के लिए मिलेंगे 10 दिन: चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों को अपने पक्ष में प्रचार-प्रसार के लिए सिर्फ 10 का समय है। निर्वाचन विभाग के मुताबिक नगरीय निकायों में 11फरवरी को मतदान होगा। मतदान सुबह 8 से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। मतगणना और हार-जीत के नतीजों की घोषणा 15 फरवरी को की जाएगी। जिले के सभी 7 नगरीय निकाय में वार्डों की संख्या 120 है। कुल वोटर 78,817 हैं, जो शहर सरकार चुनेंगे। कुल मतदाताओं में से पुरुष वोटर 38578 और महिला वोटर 40,239 हैं। सभी निकायों में 145 मतदान केंद्र है। नगर पालिका कवर्धा में 27वार्ड हैं। इसमें मतदाताओं की संख्या 39276 है। इसके अंतर्गत पुरुष वोटर 19271 और महिला वोटर 20,005 हैं।