महासमुंद नगर पालिका चुनाव में इस बार पंचकोणीय मुकाबला होगा। भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के असंतुष्ट नेताओं ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरने का फैसला किया है। कांग्रेस से टिकट के प्रबल दावेदार रहीं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राशि महिलांग और उनके पति त्रिभुवन महिलांग ने मंगलवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इससे पहले भाजपा से टिकट नहीं मिलने पर प्रकाश चंद्राकर भी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुके हैं। आम आदमी पार्टी भी चुनावी मैदान में भाजपा ने इस बार पूर्व निर्दलीय विधायक डॉ. विमल चोपड़ा को अपना उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव निखिलकांत साहू पर भरोसा जताया है। आम आदमी पार्टी से पंकज साहू भी अपने पार्षद प्रत्याशियों के साथ चुनाव मैदान में हैं। बागी नेताओं ने बिगाड़ा समीकरण सभी प्रमुख उम्मीदवारों ने अपने-अपने समर्थकों के साथ रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। विशेष रूप से राशि और त्रिभुवन महिलांग ने रिक्शे में सवार होकर जनता का अभिवादन स्वीकार किया। इस बार के चुनाव में बागी नेताओं की मौजूदगी से भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए चुनौतियां बढ़ गई हैं। नया महासमुंद बनाने का विजन – कांग्रेस कांग्रेस प्रत्याशी निखिल कांत साहू ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया और कहा कि नगर की जनता का विश्वास जीतकर मैं उनके फैसले को सही ठहराऊंगा। मैं शहर को नया महासमुंद बनाने के विजन लेकर आगे बढूंगा। जनता के विकास के लिए मैदान में उतरी – त्रिभुवन महिलांग पूर्व नपाध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग ने कहा कि मैं महासमुंद की बेटी हूं, बहू हूं और शहर की जनता से रिश्तों की डोर से बंधी हूं। शहर की जनता के विकास, उनकी देखभाल के लिए चुनाव मैदान में उतर रही हूं। अब जनता को तय करना है कि महासमुंद शहर को कौन संभाल सकता है। पिछले पांच साल शहर की जनता त्रस्त रही – भाजपा भाजपा प्रत्याशी पूर्व विधायक डॉ विमल चोपड़ा ने कहा कि पिछले पांच सालों में शहर की जनता त्रस्त रही। मैं किसी भी चुनाव को हल्के में नहीं लेता, अपनी लकीर बड़ी करने में विश्वास रखता हूं। पार्टी ने जो आदेश दिया उसे मानने मजबूर हूं।