छत्तीसगढ़ के बस्तर में नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने का आज मंगलवार को अंतिम दिन है। जगदलपुर में कांग्रेस और भाजपा के मेयर प्रत्याशियों ने कार्यकर्ताओं के साथ शक्ति प्रदर्शन कर नामांकन दाखिल किया। इधर, दंतेवाड़ा में भाजपा ने मौन रैली निकाली। भीमा मंडावी की बेटी को श्रद्धांजलि दी। जगदलपुर में कांग्रेस ने मेयर पद के लिए मलकीत सिंह गैदू पर दांव लगाया है, तो वहीं भाजपा ने प्रदेश प्रवक्ता संजय पांडेय को चुनावी अखाड़े में उतारा है। दोनों ही प्रत्याशियों के बीच जबरदस्त टक्कर की स्थिति है। वहीं आज मंगलवार को दोनों ही प्रत्याशियों ने नगर निगम के वार्ड पार्षद प्रत्याशियों के साथ शक्ति प्रदर्शन कर नामांकन दाखिल किए। सब जानते हैं BJP ने जनता के लिए कुछ नहीं किया- मलकीत मलकीत सिंह गैदू ने कहा कि, नगर निगम क्षेत्र में बहुत से मुद्दे हैं। जिनमें काम करने की आवश्यकता है। भाजपा की सरकार आए 1 साल से ज्यादा का वक्त हो गया है। पिछले 1 साल के कार्यकाल में जनता के लिए कुछ नहीं किया है। एक-एक कार्यकर्ता कर रहा मेहनत – संजय इधर, BJP प्रत्याशी संजय पांडेय ने कहा कि, कांग्रेस से तो लड़ने के लिए कोई तैयार नहीं हो रहा था। कांग्रेस ने जगदलपुर नगर निगम का क्या हाल किया है, यह सब जानते हैं। हमारे एक-एक कार्यकर्ता मेहनत कर रहे हैं। भीमा की बेटी की मौत, इसलिए शांति से निकाली रैली दंतेवाड़ा के दिवंगत BJP नेता भीमा मंडावी की बेटी ने देहरादून में सुसाइड कर लिया है। जिससे भाजपा पार्टी में भी शोक की लहर है। यही वजह रही कि आज गीदम समेत अन्य जगहों में नामांकन दाखिल करने के दौरान भाजपा ने मौन रैली निकाली और मृतका को श्रद्धांजलि दी।