अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र में नगरीय निकाय के नामांकन के अंतिम दिन मंगलवार को भाजपा और कांग्रेस के सभी प्रत्याशी रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन करते हुए नामांकन करेंगे। कांग्रेस ने देर शाम अंबिकापुर निगम के 48 में से 45 पार्षद प्रत्याशियों की सूची जारी की है। नगर निगम चिरमिरी, नगर पालिका मनेंद्रगढ़ सहित कई निकायों के कांग्रेस पार्षद प्रत्याशी देर रात तक घोषित नहीं किए जा सके थे। भाजपा-कांग्रेस में सूची जारी होते ही बगावत और इस्तीफे भी शुरू हो गए हैं। हालांकि, भाजपा और कांग्रेस दोनों के महापौर प्रत्याशियों ने एक सेट नामांकन सोमवार को दाखिल कर दिया है। कांग्रेस ने अब भी 3 वार्डों को होल्ड किया है। भाजपा ने अंबिकापुर निगम में शेष बचे 10 प्रत्याशियों की सूची भी सोमवार शाम जारी कर दी है। इनमें से कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए विजय सोनी और किरण साहू को भाजपा ज्वाइन करने के साथ ही टिकट भी दे दी गई है। रामानुजगंज अध्यक्ष प्रत्याशी ने लौटाई टिकट, मधु अध्यक्ष प्रत्याशी कांग्रेस ने रविवार देर रात नगर पालिका अध्यक्ष प्रत्याशियों की सूची में रामानुजगंज नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए युकां नेता प्रतीक सिंह को टिकट दिया था। प्रतीक सिंह ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। कांग्रेस ने प्रत्याशी बदलते हुए मधु गुप्ता को प्रत्याशी बनाया है। संशोधित सूची देर शाम जारी हुई। मधु गुप्ता पूर्व में 2009 से 2014 तक नगर पंचायत की अध्यक्ष रह चुकी हैं। उनका मुकाबला लगातार 2 बार के नगर पंचायत अध्यक्ष रमन अग्रवाल से होगा। 2 माह पूर्व रामानुजगंज को नगर पालिका का दर्जा दिया गया है। चिरमिरी में बगावत, ब्लॉक अध्यक्ष का इस्तीफा चिरमिरी नगर निगम और मनेंद्रगढ़ नगर पालिका के पार्षद प्रत्याशियों की सूची विवाद के कारण घोषित नहीं हो सकी। चिरमिरी में पूर्व विधायक डॉ. विनय जायसवाल को महापौर प्रत्याशी बनाए जाने के बाद कांग्रेस नेत्री बबीता सिंह ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन भर दिया है। विनय जायसवाल को महापौर प्रत्याशी बनाने और पार्षद टिकट भी संगठन की अनुशंसा से हटकर दिए जाने से नाराज कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष बलदेव जी दास ने इस्तीफा दे दिया है। विनय जायसवाल ने नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत की मौजूदगी में सोमवार को शक्ति प्रदर्शन करते हुए नामांकन भर दिया है। पार्षद प्रत्याशी मंगलवार को नामांकन करेंगे। अंबिकापुर में भी इस्तीफा और बगावत अंबिकापुर में प्रत्याशी चयन के बाद कांग्रेस, भाजपा में बगावत और इस्तीफों का दौर शुरू हो गया है। टिकट वितरण से नाराज जिला सचिव दिलीप धर ने प्रत्याशियों की सूची जारी होते ही पार्टी के पद से इस्तीफा दे दिया है। कांग्रेस और भाजपा के कई दावेदार बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ने के लिए मैदान में उतर रहे हैं, जिन्हें मनाने का दौर भी जारी है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *