भास्कर न्यूज | बालोद जिले का 7वां नगर पंचायत पलारी 15 वार्डों के साथ अस्तित्व में आ चुका है। जिसकी पुष्टि सोमवार को जिला प्रशासन, ग्राम पंचायत, जिला पंचायत व नगरीय प्रशासन विभाग ने की है। सीएमओ की स्थाई नियुक्ति तक जिले के नगर पंचायत गुंडरदेही के सीएमओ गिरीश साहू को यहां की जिम्मेदारी दी गई है। जो जल्द ज्वाइनिंग देंगे। वर्तमान में गुरूर नपं के सीएमओ एस. पटेल परिसीमन सहित अन्य विभागीय कार्यवाही कर रहे हैं। शासन, प्रशासन के आदेश पर प्रवेश द्वार में ग्राम पंचायत को मिटाकर अब नगर पंचायत पलारी लिखा गया है। अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक ने बताया कि गजट (राजपत्र) में प्रकाशन होने के साथ नया नगर पंचायत पलारी अस्तित्व में आ चुका है। इसके अलावा 15 वार्डों का परिसीमन शुरू हो चुका है। शुक्रवार को राजपत्र में प्रकाशन होने के साथ ही राज्यपाल के नाम से आदेशानुसार नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, संयुक्त सचिव रेणुका श्रीवास्तव की ओर स्पष्ट किया गया है कि ग्राम पंचायत पलारी की सीमाएं ही नगर पंचायत पलारी की सीमाएं होगी। जब पलारी को ग्राम पंचायत का दर्जा मिला था, तब कुल 20 वार्ड थे। 20 वार्डों में पंच पद के लिए चुनाव हो रहा था। इन्हीं 20 वार्डों को अब नए सिरे से परिसीमन कर नगर पंचायत का 15 वार्ड बनाया जाएगा। जिसके बाद जनगणना 2011, नया व पुराना फार्मूला के आधार पर 15 वार्डों का पार्षद पद के लिए आरक्षण किया जाएगा। यहां के वोटर्स पंच के बजाय पार्षद चुनेंगे। फरवरी में सरपंच का कार्यकाल खत्म होगा। जिला प्रशासन व नगर पंचायत के अफसरों के अनुसार नगर पंचायत पलारी अस्तित्व में आने के बाद यह स्पष्ट हो चुका है कि 2025 में नगरीय निकाय यानी पार्षद, अध्यक्ष का चुनाव होगा लेकिन जिले व प्रदेशभर के सभी निकायों के साथ यहां भी चुनाव होगा कि नहीं? इस पर संशय की स्थिति है क्योंकि वर्तमान में पलारी में वार्डों का परिसीमन, आरक्षण की कार्यवाही पूरी नहीं हो पाई है। जबकि जिले के 8 नगरीय निकाय के 137 वार्डों में पार्षद पद के लिए आरक्षण हो चुका है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *