बिलासपुर में पश्चिमी विक्षोभ के चलते शनिवार की रात जहां बारिश हुई। वहीं, रविवार को दिन में ठंड बढ़ गई। आसमान में छाए बादलों की वजह से तापमान 28.6 डिग्री से गिरकर 24 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जबकि रात में ठंड गायब रही और तापमान 19 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से आसमान साफ हो जाएगा, जिसके प्रभाव से ठंड में बढ़ोतरी संभव है। शहर में दिसंबर में पहली बार बरसात हुई। पश्चिमी विक्षोभ के असर से शनिवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 6.3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इसके साथ ही रात में झमाझम बरसात हुई। इसके बाद भी न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि, बारिश का असर रविवार को दिखा। मौसम खुलते ही तापमान में आएगी गिरावट मौसम वेधशाला के वैज्ञानिक डॉ. एचपी चंद्रा ने बताया कि चिह्नित निम्न दाब का क्षेत्र पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित है। इसके पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी- तटीय तमिलनाडु के निकट पहुंचने की संभावना है। एक पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान के मध्य भाग में स्थित है। बिलासपुर सहित प्रदेश में 23 दिसंबर को न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट संभावित है, लेकिन विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। मौसम शुष्क रह सकता है। आज से बढ़ सकती है ठंड बिलासपुर सहित प्रदेश में सोमवार को न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज होगी। मौसम साफ होने के कारण अगले दो दिनों में दो से तीन डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान में गिरावट का अनुमान है। वैसे मौसम शुष्क रह सकता है। ऐसे में ठंड में बढ़ोतरी हो सकती है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी दक्षिण छत्तीसगढ में बंगाल की खाड़ी से नमी का आगमन जारी रहने के कारण हल्के और निम्न स्तर के बादल रह सकते हैं। एक नया पश्चिमी विक्षोभ भारतीय क्षेत्र को 27 दिसंबर को प्रभावित करने के कारण उत्तर छत्तीसगढ में हल्की वर्षा संभावित है। 30 दिसंबर से न्यूनतम तापमान में गिरावट का दौर प्रारंभ होगा।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *