भास्कर न्यूज | रायगढ़ कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने अविवादित, विवादित नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, भू-अर्जन जैसे विभिन्न प्रकरणों की समीक्षा करते हुए राजस्व अधिकारियों को सभी राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अविवादित और विवादित नामांतरण के मामले को प्राथमिकता एवं समय-सीमा का ध्यान में रखते हुए निराकृत करने के निर्देश दिए। कलेक्टर कार्तिकेया गोयल ने राजस्व अभिलेख में आधार सीडिंग, मोबाइल नंबर, किसान किताब, जेंडर प्रविष्टि के कार्यों को प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभिलेख शुद्धता के कार्य में तेजी लाए। कलेक्टर गोयल ने तहसीलवार पटवारियों के कार्यों की समीक्षा करते हुए नक्शा बटांकन के कार्य में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने भू-अर्जन के प्रकरणों की जानकारी लेते हुए अवॉर्ड पारित होने के पश्चात रिकॉर्ड दुरुस्ती के कार्य को प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए। उन्होंने नजूल पट्टों के नवीनीकरण की भी जानकारी ली। उन्होंने वसूली पत्रक अंतर्गत भू-राजस्व कर, पंचायत उपकर, शाला भवन उपकर, नजूल भूमि से प्राप्त भू-भाटक तथा आरआरसी की समीक्षा की। वसूली के संबंध में विशेष निर्देश दिए।