गांव में ही बना आयुष्मान कार्ड, अब 5 लाख रुपये तक के निःशुल्क इलाज की सुविधा

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में आयोजित सुशासन तिहार 2026 आम नागरिकों के लिए राहत और भरोसे का माध्यम बनकर उभर रहा है। सरगुजा जिले के बतौली विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत घोघरा निवासी श्रीमती गायत्री गुप्ता को जनसमस्या निवारण शिविर में आयुष्मान कार्ड प्रदान किया गया, जिससे उन्हें और उनके परिवार को 5 लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा सुनिश्चित हो गई है।

गायत्री गुप्ता ने बताया कि वे लंबे समय से आयुष्मान कार्ड बनवाने का प्रयास कर रही थीं, लेकिन विभिन्न कारणों से यह कार्य पूरा नहीं हो पा रहा था। सुशासन तिहार के तहत आयोजित शिविर में आवेदन देने के बाद उनका आयुष्मान कार्ड तत्काल तैयार कर उन्हें सौंप दिया गया।

उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अब परिवार के किसी सदस्य के बीमार होने पर इलाज की चिंता नहीं रहेगी। आयुष्मान कार्ड के माध्यम से अब वे जरूरत पड़ने पर सूचीबद्ध अस्पतालों में 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार प्राप्त कर सकेंगी।

गायत्री गुप्ता ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ सीधे गांव तक पहुंच रहा है। पहले छोटे-छोटे कार्यों के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब समस्याओं का समाधान गांव में ही हो रहा है।

उल्लेखनीय है कि सुशासन तिहार के तहत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविरों में आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, पेंशन, राजस्व और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है। इससे हजारों ग्रामीणों को समयबद्ध राहत मिल रही है और शासन के प्रति उनका विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *